गंगोत्री से पहले खाई में लापता हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के धेवते विश्वास धूहन उर्फ विशु चौधरी का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। विशु के परिजनों ने रविवार को बताया कि इस संबंध में गृह मंत्री से मदद मांगी गई है। जिस पर उन्होंने आईटीबीपी को विशु की तलाश के निर्देश दिए हैं। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी सर्च अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
शिवलोकपुरी कंकरखेड़ा निवासी विशु पुत्र मुकेश चौधरी पांच दिन पूर्व दोस्तों के साथ बाइक से गंगोत्री जाते समय रास्ते में सेना का ट्रक सामने आने पर करीब 500 फीट खाई में फिसल गया था। जबकि उसके दोस्त निशांत को सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया था। रविवार को गंगोत्री से लौटे विशु के परिजन डॉ. योगेश चौधरी ने बताया कि रविवार को बर्फ पड़ने और बारिश होने के चलते सेना करीब एक घंटे ही सर्च अभियान चला पाई। इस संबंध में गृह मंत्री से भी मदद मांगी गई। बताया गया कि उनके निर्देश पर आईटीबीपी की यूनिट मौके पर पहुंच चुकी है। यूनिट के एक अधिकारी ने बताया कि ड्रोन कैमरे से पूरा एरिया सर्च किया जाएगा। वहीं, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल और भाजपा नेता नीरज मित्तल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी रविवार को मुकेश चौधरी के घर पहुंचकर इस प्रकरण की जानकारी ली। साथ ही हर संभव मदद कराने का आश्वासन दिया।
मां लगातार कर रही दुर्गा पाठ
इकलौते बेटे की कुशलता के लिए विशु की मां सविता चौधरी दुर्गा पाठ कर रही हैं। पूरा परिवार विशु की चिंता में डूबा है। सब उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। वहीं, भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के समर्थकों का भी उनके घर तांता लगा हुआ है। सभी लोग उनके धेवते को लेकर चिंतित हैं।