संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के रूकनपुर गांव में मंगलवार रात कबूतर मांगने को लेकर हुए विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा है।
विवाद हारून के बेटे बिलाल और बल्लू उर्फ कैफ व शाहिल के बीच शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले और मारपीट हुई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बिलाल के ताऊ युसूफ और बहन तमन्ना घायल हो गए। दूसरे पक्ष से बल्लू उर्फ कैफ भी चोटिल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायतें भी दी हैं। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
-