मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी उर्फ टिंकू त्यागी के खिलाफ मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में 2021 में दोहरे हत्याकांड में नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई थी। ब्रह्मपुरी पुलिस ने उसके खिलाफ 2022 चार्जशीट कोर्ट में दाखिल थी। यह मुकदमा अब अदालत में चल रहा है।
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी के अनुसार ब्रह्मपुरी में शातिर अपराधी प्रवीण शर्मा ने अपने साथियों के साथ वर्ष 2014 में कैसीनो के विवाद में तीन दोस्तों करण चौधरी, आकाश और गोलू वर्मा की हत्या की थी। तभी से प्रवीण शर्मा और राजीव उर्फ टुर्री लापता हैं। ब्रह्मपुरी निवासी योगेंद्र भारद्वाज ने भाई राजीव उर्फ टुर्री के अपहरण का अंदेशा जताया था लेकिन पुलिस ने अप्रैल 2015 में गुमशुदगी दर्ज की थी। योगेंद्र का आरोप था कि विनय त्यागी और मोनू त्यागी ने उसके भाई की हत्या कर दी है। उत्तराखंड के देहरादून जनपद के प्रेमनगर थाना पुलिस ने दावा किया था कि 2017 में पकड़े जाने पर विनय त्यागी ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि उसने प्रवीण शर्मा और राजीव उर्फ टुर्री की हत्या कर शव काली नदी में पत्थर बांधकर डाल दिए थेे। हालांकि दोनों के शव आज तक नहीं मिल सके।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि देहरादून पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने योेगेंद्र भारद्वाज की ओर से अक्तूबर 2021 में विनय त्यागी और उसके भाई मोनू त्यागी के खिलाफ दोहरे हत्याकांड की नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी।
पांच लाख के इनामी बद्दो से है विनय त्यागी का कनेक्शन
मेरठ। ब्रह्मपुरी के दोहरे हत्याकांड में नामजद विनय त्यागी और उसके भाई मोनू त्यागी का कनेक्शन पांच लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो से होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने दावा किया था कि सदर क्षेत्र में रहने वाले बदन सिंह बद्दो के एक करीबी बताए जाने वाले के घर पर दोहरे हत्याकांड की पटकथा रची थी। तब जांच में सामने आया था कि विनय त्यागी की शातिर अपराधी बदन सिंह बद्दो से गहरी दोस्ती थी। बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 2019 को मेरठ के होटल मुकुट महल से पुलिस अभिरक्षा से भाग गया था। वह अब तक पकड़ा नहीं गया। बुधवार को हरिद्वार के लक्सर में पुलिस अभिरक्षा में विनय त्यागी पर हुए हमले से मेरठ का यह दोहरा हत्याकांड फिर से चर्चाओें में आ गया।