परीक्षितगढ़। ग्राम खानपुर बांगर में ग्रामीणों ने राशन डीलर को सरकारी गेहूं कालाबाजारी करने के लिए ले जाने से पहले पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डीलर सहित गेहूं लदी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने रास्ते में साठगांठ कर आरोपी को मय राशन के छोड़ दिया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएम से करने की बात कही।
खानपुर बांगर में शनिवार को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का डीलर सरकारी गेहूं की बोरी पलटकर मिनी ट्रक में भरवा रहा था। इसका पता चलने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने हंगामा कर गाड़ी को घेर लिया और पुलिस को सूचना दे दी। डीलर की ग्रामीणों से काफी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर 112 गाड़ी की पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने आरोपी डीलर को पकड़ लिया। पुलिस गाड़ी सहित आरोपी कोे थाने लेकर चली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते में पुलिस ने साठगांठ कर आरोपी मय गाड़ी के छोड़ दिया। जब इसका ग्रामीणों को चला उन्होंने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से करने की बात कही। इस संबंध में थानाध्यक्ष कैलाश चंद गौतम ने कहा कि यदि पुलिस ने कालाबाजारी के लिए ले जा रहे गेहूं को छोड़ा है तो जांच कराकर पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।