पुलिस भूमाफियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची तो गांव के प्रधान ने अपने गैंग के साथ मिलकर हमला बोल दिया। इतना ही नहीं बल्कि पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई।
मेरठ में किठौर क्षेत्र के खादर इलाके में सोमवार तड़के चार बजे भूमाफिया और ललियाना के पूर्व प्रधान ने अपने गैंग के साथ पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग के दौरान एएसपी किठौर ने कई थानों की फोर्स के साथ घेराबंदी कर पूर्व प्रधान समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि छह आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों से अवैध हथियार व कारतूस बरामद हुए हैं।
एसपी देहात राजेश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि सूचना थी कि किठौर क्षेत्र के चांदपुर खादर में ललियाना के पूर्व प्रधान शहनवाज के फार्म हाउस पर 15-20 बदमाश अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। मौके पर एसओ किठौर ओपी सिंह पहुंचे तो बदमाशों द्वारा फायरिंग करने पर एएसपी किठौर सुकीर्ति माधव परीक्षितगढ़ पुलिस के साथ पहुंचे। एएसपी ने फोर्स के घेराबंदी कर मौके से शहनवाज मुंशी फुरकान निवासी अठसैनी, हापुड़, कंवर चौधरी निवासी लक्ष्मीनगर दिल्ली, वाहिद निवासी रसूलपुर लखीमपुर खीरी, एहतेशाम निवासी ढक्का उजरी थाना सहदनगली अमरोहा, अब्दुल कादिर निवासी आरिफपुर थाना बाबूगढ़ और शाह आलम निवासी ललियाना किठौर को दबोच लिया। जबकि जफर, जावेद, रिफाकत, बब्बू, जफरयाब और नाजिम निवासी ललियाना फरार हो गए। आरोपियों के पास से शहनवाज की लाइसेंसी रायफल, भारी संख्या में कारतूस, तीन तमंचे, दो पौने, चार चाकू, बरामद किए गए।
दोनों हाथों से पैसा ले रही पुलिस
प्रेसवार्ता में शहनवाज ने आरोप लगाया कि पुलिस दोनों हाथों से पैसा ले रही है। वह खुद पांच लाख रुपये किठौर पुलिस को दे चुका है। आठ लाख रुपये चीक बढ़ला ने पुलिस को दिए है, ताकि वह जेल चला जाए। चीकू बढ़ला के खिलाफ दर्जनों से अधिक मुकदमे पंजीकृत है। जमीन के विवाद में चीक उसकी पत्नी को भी मार सकता है। हालांकि एसपी देहात ने उसके सारे आरोपों को गलत बताया है।