काम मानक के अनुसार नहीं कराने का आरोप, गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। हर्रा-पांचली संपर्क मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से टूटी सड़क पर पेंचवर्क का काम मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। इससे सड़क की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता ने जांच कराने की बात कही है।
हर्रा-पांचली संपर्क मार्ग कई महीनों से जर्जर हालत में था। सड़क पर जगह-जगह टूट-फूट होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत संबंधित विभाग से की थी। शिकायत के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से सड़क पर पैचवर्क शुरू कराया गया। लेकिन अब ग्रामीणों ने कार्य की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई है।
ग्रामीण नौशाद चौहान, आकिल, विनोद, परवीन, महताब और अफजाल समेत अन्य लोगों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में निर्धारित मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उनका कहना है कि यदि सड़क की मरम्मत ठीक तरीके से नहीं हुई तो पैचवर्क अधिक समय तक टिक नहीं पाएगा और सड़क दोबारा टूट सकती है। इससे सरकारी धन खर्च होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण कराने और मानकों के अनुरूप काम सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने जो आरोप लगाए हैं मौके पर पहुंचकर जांचकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।