तारापुर में तालाब किनारे पड़ा मगरमच्छ स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव तारापुर में गांव के बाहर स्थित तालाब में मगरमच्छ होने से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह मगरमच्छ कभी भी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से इसे पकड़वाने की मांग की है।
गांव तारापुर में आबादी के नजदीक स्थित तालाब में पिछले कई दिनों से मगरमच्छ देखा जा रहा है। इससे आसपास के किसान और ग्रामीण भयभीत हैं। किसान हरेंद्र चौहान ने बताया कि उन्होंने गांव के पास तालाब खुदवाकर मछली पालन का कार्य किया था। खेत के पास में ही तालाब स्थित है, जिसमें एक बड़ा मगरमच्छ देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मगरमच्छ तालाब से निकलकर उनके मछली के तालाब में पहुंच जाता है। इस कारण उसने तालाब में स्थित सभी पालतू मछलियों को खा लिया है। इसकी सूचना कई बार वन विभाग के अधिकारियों को दी गई, परंतु अभी तक तालाब से मगरमच्छ को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
किसान गौतम का कहना है कि तालाब के नजदीक ही उनके खेत स्थित हैं। पिछले लंबे समय से मगरमच्छ को तालाब में देखा जा रहा है। वह दिन निकलते ही तालाब के बाहर आ जाता है और किनारे पर पड़ा रहता है। वह कहीं बड़ी घटना को अंजाम न दे दे। वहीं यह रास्ता शहजादपुर और मानपुर गांव को जाता है, जहां से स्कूली बच्चे भी निकलते हैं।
जांच के लिए भेजी जाएगी टीम
मौके पर जांच के लिए टीम को भेजा जा रहा है, जहां से मगरमच्छ को पकड़कर दूसरे स्थान पर छोड़ा जाएगा। -खुशबू उपाध्याय, क्षेत्रीय वन अधिकारी, हस्तिनापुर