संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। जानी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह युवती और बालिका को बहला-फुसलाकर बाइक से ले जा रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पीछा कर दबोच लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने जानी थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री तथा पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति की नौ वर्षीय पुत्री को शहराज निवासी ग्राम बशोद, थाना सिंघावली अहीर, जनपद बागपत बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था। रास्ते में ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ गई। शक होने पर उन्होंने दोनों लड़कियों के परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवती और बालिका को सुरक्षित उनके परिजनों के पास ले आई।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।आरोपी से पूछताछ की जा रही है।-