सरधना। तहसील क्षेत्र के गांव कालंदी और छुर की सीमा पर खेतों में अवैध खनन और सरकारी नाली तोड़े जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता सनोज और मनोज निवासी गांव छुर ने बताया कि उनके खेतों के पास ही गांव कालंदी निवासी किसानों के खेत हैं। आरोप है कि ये लोग रात के समय जेसीबी मशीन से करीब 12 फीट गहरा अवैध खनन करा रहे हैं, जिससे आसपास के खेतों में कटाव और मिट्टी बहने का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के पास स्थित करीब तीन मीटर चौड़ी सरकारी नाली को भी तोड़कर अपने खेत में मिला लिया है। ग्रामीणों ने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि दोनों गांवों की सीमा पर खेत होने के कारण विवाद बढ़ने और तनाव की स्थिति बनने की आशंका है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अवैध खनन पर तुरंत रोक लगाने और सरकारी नाली को पुनः बनवाने की मांग की है।