ग्राम सैनी निवासी दंपती भतीजे से मिलने पहुंचा था गंगानगर
पुलिस ने माना धूम्रपान के दौरान लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगानगर। मेरठ विकास प्राधिकरण की आवासीय कॉलोनी गंगानगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में बुधवार रात एक व्यक्ति की जिंदा जल जाने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम सैनी निवासी प्रवीण पुत्र जीतम गुरुदेव कोचिंग सेंटर की देखरेख करता है। उसके चाचा हुसन सिंह व चाची सुरेश शाम को उससे मिलने गंगानगर आए थे। रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद हुसन सिंह छत पर बने कमरे में सोने चला गया। बाकी सदस्य नीचे सो गए। प्रवीण ने रात करीब दस बजे छत पर बने कमरे से धुआं उठता देखा। इस पर वह दौड़कर ऊपर पंहुचा तो कमरे में भयंकर आग लगी थी। उसने किसी तरह पानी डालकर आग बुझाई। हालांकि कमरे में मौजूद हुसन सिंह (50) जिंदा जल चुका था। गंगानगर पुलिस जानकारी पाकर मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ गंगानगर बिजेंद्र पाल राणा का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। प्रथमदृष्टया धूम्रपान करने के दौरान कमरे में आग लगी होगी। हुसन सिंह नशे में होने की वजह से कमरे के बाहर नहीं आ सका।
कपड़ों ने पकड़ी आग
परिजनों के अनुसार छत पर एक ही कमरा है। इसमें कूलर, मच्छरदानी व कपड़े समेत अन्य सामान रखा था। संभवत. रजाई के बाद इन्हीं सामान में आग लगी। उसने कुछ ही देर में भीषण रूप धारण कर लिया।
जानकारी पाकर पहुंचे परिजन
हुसन सिंंह के तीनों पुत्र धर्मवीर, सचिन व राहुल गांव में मजदूरी करते हैं। वे पिता की मौत की जानकारी पाकर गंगानगर पंहुच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल था।