मवाना। कॉल कर धमकी दिए जाने के मामले में गांव नंगला गोसाई की ग्राम प्रधान सरिता सिंह ने तहरीर देकर एक फोन से धमकी भरी काल आने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान ने काल करने वाले पर एन जी टी में विचाराधीन मुकदमे (शिकायत) को वापस लेने तथा रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
गांव नंगला गोसाई की ग्राम प्रधान सरिता सिंह ने तहरीर में बताया कि ग्राम सभा के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत सेक्चुअरि क्षेत्र में स्थित झील की लगभग 71.49 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जा करके वन्य जीव अभ्यारण्य की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर दुरुपयोग किया जा रहा है। इसकी शिकायत किए जाने पर एनजीटी द्वारा जिला प्रशासन को वन्य जीव अभ्यारण्य की भूमि कब्जा मुक्त करने के लिए प्रगति आख्या का आदेश पारित कर रखा है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि 10 नवंबर को उनके मोबाइल एक नंबर से 10 बार काॅल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने एनजीटी में की गई शिकायत को वापस लेने और पांच लाख रुपये की मांग की। शिकायत वापस लेने से इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी दी। 12 नवंबर को महिला हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी गई। तहरीर में रिपोर्ट दर्ज करने तथा पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।