संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव स्याल निवासी ग्राम प्रधान सत्यपाल सिंह ने थाने के हल्का इंचार्ज पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उन्होंने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। यह घटना गांव स्याल में हुए एक मामूली विवाद के बाद हुई।
गांव स्याल के पप्पू प्रजापति का 12 अगस्त को पड़ोसी मोनू और सोनू से विवाद हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान किया था। आरोप है कि अगले दिन हल्का इंचार्ज एक सिपाही के साथ पप्पू के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए गिरफ्तारी की धमकी दी। इस पर शुक्रवार को ग्राम प्रधान सत्यपाल सिंह अपने साथी पप्पू और बबलू को लेकर भावनपुर थाने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह से हल्का इंचार्ज की शिकायत की। आरोप है कि थाना प्रभारी के बुलाने पर हल्का इंचार्ज ने ग्राम प्रधान को देखते ही गाली-गलौज कर उन्हें कमरे से बाहर भगा दिया।
रजपुरा ब्लॉक प्रमुख कौशल चौहान ने प्रधान के साथ हुई बदसलूकी की निंदा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे ग्राम प्रधान संगठन के साथ मिलकर आला अधिकारियों से शिकायत करेंगे। उधर, सीओ सदर देहात सुधीर सिंह का कहना है कि ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है, मिलने पर जांच कराई जाएगी।-