बड़ौत के विक्रम हत्याकांड में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तहसील में चौथे दिन भी धरना जारी रहा। वहीं, क्रमिक अनशन पर बैठी विक्रम की मां की हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने जांच की। दूसरे दिन क्रमिक अनशन पर दो महिलाओं सहित पांच लोग बैठे। इस दौरान पीड़ितों ने आगामी 17 मई को तहसील में महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया।
बता दें कि 30 अप्रैल की रात बावली रोड़ स्थित शोरूम के कर्मचारी विक्रम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रात में ही शोरूम के मालिक के बेटे प्रशांत ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करा दिया था।
इसे लेकर विक्रम के परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया था और उनकी तहरीर पर भी पुलिस ने शोरूम मालिक्र, उसके दो बेटों और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। मगर 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस इस घटना को खोल नहीं पाई है और वह लूट की घटना से इसको जोड़ रही है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और लोगों ने तहसील में धरना शुरू किया है, जो चौथे दिन भी जारी रहा। वही रविवार को क्रमिक अनशन पर बैठी विक्रम की मां कमला देवी की हालत बिगड़ गई। सीएचसी पर डॉ. आरके सिंह ने तहसील पहुंचकर जांच की और उपचार दिया गया।
वहीं, दूसरे दिन क्रमिक अनशन पर अमृता, आशा, बलराम, अजय राजकुमार उर्फ राजू बैठे। धरने स्थल पर यह भी घोषणा की गई कि हत्यारोपियों पर कार्रवाई नहीं होती तो 17 मई को तहसील में महापंचायत होगी। इसकी तैयारियों शुरू कर दी गई हैं। धरने पर राम रहीम सेवा दल के मंडल अध्यक्ष सतीश चौधरी, वीरेंद्र, शहजाद, मेहरबान, व्यापक तोमर, सुरेन्द्र, समेदीन, कपिल, अर्जुन, शकील, रहमू, दीपक आदि शामिल रहे।