किशनपुरी चौकी इंचार्ज का अवैध वसूली करते वीडियो वायरल
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाने के एक चौकी इंचार्ज का अवैध तरीके से रुपये वसूलते वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दरोगा अवैध तरीके से गाड़ी चलवाने के नाम पर रुपये वसूलता दिख रहा है। रुपये नहीं मिलने पर गाड़ी संचालकों को जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
वायरल वीडियो ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के किशनपुरी पुलिस चौकी इंचार्ज सतवीर सिंह का है। बताया गया है कि दरोगा की शह पर दिल्ली रोड पर मेट्रो प्लाजा के सामने से इको गाड़ियां अवैध तरीके से चल रही थी। यह गाड़ी मेट्रो प्लाजा से सवारी लादकर दिल्ली तक लेकर जाती थी। कोरोना कर्फ्यू के चलते गाड़ियाें के ड्राइवर दरोगा को महीने के रुपये नहीं दे पा रहे थे। जिसके चलते दरोगा ने ड्राइवरों को जेल भेजने की धमकी देकर डराना शुरू कर दिया था।
धमकी से परेशान गाड़ी मालिक ने वसूली करते वीडियो बना लिया और शुक्रवार को वायरल भी कर दिया। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। वीडियो में दरोगा गाड़ियों के मालिक से महीने के रुपये ले रहा है और अन्य ड्राइवरों को धमकी दे रहा है कि महीने में रुपये नहीं दिया तो जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। वीडियो में दरोगा रुपये लेते साफ दिखाई दे रहे हैं और धमकी देते हुए भी। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू करा दी है और सीओ ब्रह्मपुरी अमित कुमार राय से इस पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट मांगी। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना कि जांच रिपोर्ट के बाद दरोगा पर कार्रवाई होगी। पीड़ितों से भी इसकी जानकारी ली जाएगी और उनके बयान भी दर्ज होंगे।
--
एसएसपी की हिदायत भी नजरअंदाज
एसएसपी अजय साहनी ने गूगल मीट पर ऑनलाइन क्राइम मीटिंग में सभी थानेदारों को हिदायत दी थी। इसके बावजूद भी वसूली का धंधा बंद नहीं हुआ। ऐसे कुछ पुलिसकर्मियों की वजह से पुलिस विभाग की बदनामी हो रही है।