मेरठ। ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) के हमराह होमगार्ड का परतापुर तिराहे में रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं, हमराह एक पूर्व हेड कांस्टेबल के बेटे पर कई दिनों से उत्पीडन करने का आरोप लगाकर वीडियो को फर्जी बता रहा है। एसपी यातायात ने जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है। एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्र का कहना है कि वीडियो की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो में टीएसआई का हमराह शिवकुमार उपाध्याय एक युवक को सड़क किनारे ले जाता है। इसके बाद युवक टीएसआई के हमराह को कुछ देता है। युवक द्वारा दी गई रकम हमराह अपनी जेब में रख लेता है। इसके बाद दोनों चले जाते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शिवकुमार का कहना है कि कुछ दिन पहले परतापुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक अधिवक्ता उनके पास आकर रुका और एक आनलाइन चालान के बारे में पूछने लगा। जानकारी मिलने के बाद वह चला गया। बताया कि एक पूर्व हेड कांस्टेबल का बेटा कई दिनों से परेशान कर रहा है। वह खुद को एक यूट्यूबर बताकर चेकिंग स्थल पर आकर खड़ा हो जाता है। युवक पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र का कहना है कि यह पुराना वीडियो बताया जा रहा है। फिर भी वीडियो की जांच कराई जा रही है। इसमें होमगार्ड पर्ची लेता दिखाई दे रहा है। यदि रिश्वत का मामला सामने आया तो होमगार्ड कमांडेंट को रिपोर्ट भेजी जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो की पड़ताल करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।