संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर निवासी एक युवक द्वारा नगरपालिका के सभासद और अध्यक्ष पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो में आरोपी कथित तौर पर सभासद को धमकी देता दिख रहा है। सभासद ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला आदर्शनगर निवासी संजय कुमार पुत्र सुरेशचंद वार्ड संख्या सात से नगरपालिका के सभासद हैं। उन्होंने बताया कि मोहल्ला मंडी चमारान निवासी गुलसनव्वर ने उन्हें और अध्यक्ष को आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए एक वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो में आरोपी अपशब्दों का प्रयोग करने के साथ सभासद को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पीड़ित संजय कुमार ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी और अपनी जान को खतरा बताकर कार्रवाई की मांग की। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि वीडियो की पड़ताल की जा रही है। आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।