-हिंदू संगठन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ कॉलेज के पास जामुन को झूठा कर ठेले पर रखते हुए युवक का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई है। वहीं अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में लग गई है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कमिश्नरी चौराहे के पास एक युवक शाहरुख जामुन बेचने का कार्य कर रहा था। शुक्रवार दोपहर उसने जामुन को मुंह से लगाकर दोबारा बिक्री के लिए रख दिया। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
इस मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को आहत करती हैं तथा खाद्य सामग्री की शुद्धता पर भी प्रश्नचिह्न लगाती हैं। वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।