ब्लैकमेलिंग कर दस लाख रुपये वसूलने की साजिश नाकाम होने पर पुलिस तलाश में जुटी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। युवती को नौकरी दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये वसूलने की साजिश रचने का आरोपी कथित गोरक्षक नकुल जेल जा चुका है। बताया गया है कि दुष्कर्म के आरोप में जमानत पर जेल से बाहर आने पर उसके जश्न मनाया था। यह वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। साजिश में शामिल परीक्षितगढ़ के जीशान और हुमायूंनगर के शावेज को जेल भेजने के बाद पुलिस आरोपी नकुल की तलाश में जुटी है।
मेडिकल थाने में शनिवार को एक युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि भोपाल विहार निवासी नकुल ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। नकुल खुद को गोरक्षक बताता है। बृहस्पतिवार को नकुल ने साजिश रचकर अपने साथियों जीशान व शावेज की मदद से नौकरी के बहाने युवती को बुलाया। जीशान और शावेज ने कार में उससे छेड़छाड़ की। तभी आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों आरोपियों को दस लाख रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी दी।
युवती ने सिर में दर्द होने की जानकारी दी। आरोपी नकुल ने दवा के बहाने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। होश आने पर उसने पुलिस से शिकायत कर प्राथमिकी दर्ज कराई। नकुल अन्य कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचा था। मामले का खुलासा होने पर एसपी सिटी ने थाना पुलिस से नकुल को भी गिरफ्तार करने के लिए कहा लेकिन तब तक आरोपी वहां से चला गया। जीशान और शावेज को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपी को तलाश किया जा रहा है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।