सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता कोर्ट में बयान से पलटी, आरोपियों को क्लीन चिट दी
फलावदा। सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता कोर्ट में अपने बयान से पलट गई। उसने न्यायालय में 164 सीआरपीसी के तहत दिए बयान में सभी आरोपियों को क्लीन चिट दे दी। घटना का मुख्य आरोपी जेल में बंद है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में विगत दिनों हुई नाबालिग से हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़िता को 164 के बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पेश किया, जहां पीड़िता ने सभी आरोपियों को क्लीन चिट दे दी। हालांकि, पीड़िता द्वारा भय एवं दबाव के चलते कोर्ट में गलत बयान देने की बात कही जा रही है। कलमबद्ध बयान में उसने दर्ज एफआईआर का खंडन किया है। बताया गया कि जेल में बंद आरोपी के साथ उसकी शादी कराने का प्रलोभन दिया गया।
वहीं, पीड़िता का आरोप है कि दबाव में वह सच्चाई बयान नहीं कर पाई। अब पीड़िता के पिता द्वारा 164 सीआरपीसी के अंतर्गत पुन: बयान दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई जा रही है। थाना प्रभारी शिव वीर सिंह भदौरिया का कहना है कि बयानों का अभी अवलोकन नहीं किया गया है। अवलोकन होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।