मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में शनिवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय अखिल भारतीय आयुर्वेद पर्व (महासम्मेलन) में आज उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाचचार घंटे मेरठ में रहेंगे। साढ़े 10 बजे से वह आयुर्वेद महासम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे धन सिंह कोतवाल पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में शहीद धन सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
सम्मेलन में देशभर के 300 से ज्यादा आयुर्वेदाचार्य जुटेंगे। पहले दिन दोपहर दो से पांच बजे तक ओपीडी में पतंजलि के वैद्य बालकृष्ण, पद्मश्री बालेंदु प्रकाश और जालौर से आम वाले वैद्य श्रीराम शर्मा अग्निकर्म व क्षार कर्म से पेनक्रियाज, कैंसर, लिवर आदि से संबंधित बीमारियों का इलाज करेंगे और इन बीमारियों के बारे में जानकारी देंगे।
दूसरे दिन रविवार को ओपीडी में सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक दिल्ली से आने वाले वैद्य विशाल त्रिपाठी, वैद्य अभय नारायण, वैद्य श्रीराम शर्मा, डॉ चंद्रेश तिवारी मरीज़ों को परामर्श देंगे। दूसरे ही दिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक वैद्य स्वदेश भूषण शर्मा, वैद्य डीके मिश्रा, डॉ धीरज मोहन, उदर रोग, मनोरोग, त्वचा रोग, पाइल्स और किडनी रोग के मरीज़ों को देखेंगे। तीसरे दिन सोमवार को सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक वैद्य विशाल त्रिपाठी, ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ आलोक शर्मा, वैद्य श्रीराम शर्मा, नाड़ी वैद्य पतंजलि, अभय नारायण तिवारी मरीज़ों को परामर्श देंगे। दूसरे दिन रविवार को उद्घाटन आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर प्रसाद दयालु करेंगे। समापन कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल आएंगे।
महासम्मेलन में यह भी आएंगे
पहले दिन विशिष्ट अतिथि पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेजा रहेंगे, जो आयुष मंत्रालय में सचिव हैं। वैद्य मनोज नेसरी रहेंगे, जो आयुष मंत्रालय में सलाहकार हैं। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री राजवैद्य देवेंद्र त्रिगुणा रहेंगे, जो पद्मश्री और पद्मभूषण हैं। राजस्थान की आयुर्वेद यूनिवर्सिटी जयपुर के वाइस चांसलर प्रो. प्रदीप प्रजापति, गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी जामनगर के वाइस चांसलर मुकुल पटेल, बीएचयू के प्रो. मनोरंजन साहू आदि भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
मेरठ में हो रहा देश का चौथा आयोजन
आयुर्वेद सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष वैद्य गोपाल दत्त शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय की तरफ से देशभर में इस तरह के हर साल पांच आयोजन होते हैं, यह चौथा आयोजन मेरठ में हो रहा है। हालांकि मेरठ में इस तरह का यह पहला आयोजन है। इसमें तीनों दिन ओपीडी में कोई भी उपचार के लिए आ सकता है।
1200 से अधिक यूजी पीजी के छात्र होंगे शामिल
प्रदेश महामंत्री डॉ. ब्रजभूषण शर्मा ने बताया कि इसमें जिले के आठ कॉलेजों के यूजी और पीजी के 1200 से अधिक छात्र-छात्राएं भी इसमें शामिल होंगे। इसमें शामिल होने वाली 50 आयुर्वेदिक कंपनियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान आयुष मंत्रालय की तरफ से औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
प्रदेश के 46 जिलों के उद्योगों के लगेंगे स्टॉल
मेरठ। अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन में मेरठ सहित 46 जिलों के व्यापारी अपना उद्योगों को प्रदर्शित करेंगे। आगरा का ब्रास, गौतमबुद्धनगर के कपड़ा, हाथरस की हींग, मुरादाबाद के बर्तन, संभल के सींग के बने सजावटी समान और मेरठ के स्पोर्ट्स उपकरण और जिम उपकरणों के स्टॉल लगाए जाएंगे। जिला उपायुक्त दिपेंद्र कुमार ने बताया कि स्टॉल लगाने की संपूर्ण प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है।
आम आदमी आयुर्वेद चिकित्सा का उठाएं लाभ - लक्ष्मीकांत वाजपेई
अखिल भारतीय आयुर्वेद सम्मेलन के आयोजन को लेकर राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि तीन दिवसीय सम्मेलन में सभी आमजन आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ उठाएं। निशुल्क ओपीडी रहेगी। पहली बार मेरठ में ऐसा सम्मेलन हो रहा है जिसमें उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इस दौरान एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज मौजूद रहे।