मेरठ। उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा के लिए पुलिस चाक-चौबंद है। शुक्रवार रात चौधरी चरण सिंह विवि में पुलिस, आरएएफ-पीएसी बल लगाया गया। एडीजी-आईजी और एसएसपी ने रात में विवि जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि सिर्फ वीआईपी रूट पर (पुलिस लाइन से विवि तक) डायवर्जन किया गया है। अन्य जगह पर जहां से मुख्यमंत्री गुजरेंगे, वहां ट्रैफिक पुलिस लगाई गई है। दस मिनट पहले रूट बंद कर मुख्यमंत्री का काफिला निकला जाएगा। शुक्रवार शाम मुजफ़्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर से पुलिस फोर्स विवि में पहुंच गया।
कैंपस में ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉयड से कैंपस में चेकिंग कराई गई। विवि में दो आईपीएस अफसर, चार एडिशनल एसपी, 15 सीओ, 30 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 250 दरोगा, 100 यातायात सिपाही, 1000 सिपाही/ हेड कांस्टेबल, चार कंपनी पीएसी/आरआरएफ, चार फायर ब्रिगेड की गाड़ी, एक दस्ता डाग स्क्वॉयड, एक दस्ता बम निरोधक लगाया गया है।
पीटीएस में यह लगा फोर्स
दो आइपीएस अफसर, चार एडिशनल एसपी, 15 सीओ, 30 थाना प्रभारी/ इंस्पेक्टर, 250 दरोगा, 100 यातायातकर्मी, 1000 सिपाही/ हेड कांस्टेबल, चार कंपनी पीएसी/आरआरएफ, दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी, एक दस्ता डाग स्क्वायड, एक दस्ता बम निरोधक दस्ता लगाया गया है।
पुलिस लाइन से विवि मार्ग रहेगा बंद
एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पुलिस लाइन से सीसीएसयू तक मार्ग बंद रहेगा। पुलिस लाइन में उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री का हेलीकाॅप्टर उतरेगा। उसके बाद उनका काफिला कार से कमिश्नर आवास चौराहे की तरफ से जेल चुंगी होते विवि पहुंचेगा। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव का कहना कि यातायात पुलिस भी मुस्तैद है। जहां-जहां से मुख्यमंत्री का काफिला जाएगा। वहां पर 55 जगहों पर यातायात पुलिसकर्मी लगाए हैं। रात में सभी की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।