सीसीएसयू का 38वां दीक्षांत समारोह: सत्यापन में अनुपस्थित विद्यार्थियों को नहीं मिलेगा समारोह में प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 19 जुलाई को सुबह 10:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
दीक्षांत समारोह 22 जुलाई को आयोजित होगा, जिसमें कुलाधिपति स्वर्ण पदक, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, कुलपति स्वर्ण पदक, प्रायोजित स्वर्ण पदक तथा विशिष्ट योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। सत्यापन के दौरान विद्यार्थियों को समारोह से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय ने अभिभावकों के प्रवेश के लिए अलग व्यवस्था की है। अभिभावकों को निर्धारित प्रारूप भरकर पहचान पत्र के साथ 19 जुलाई को ही अनुमति पत्र प्राप्त करना होगा।विद्यार्थियों को 19 जुलाई को अपने साथ दो अतिरिक्त पासपोर्ट आकार के फोटो भी लाने होंगे, जिनके पीछे उनका नाम और प्राप्त होने वाले पदक का विवरण अंकित होना चाहिए। सत्यापन के बाद 22 जुलाई को सुबह 9:30 बजे तक निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले विद्यार्थियों को मंच से पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान नहीं किए जाएंगे।
यदि किसी अपरिहार्य कारणवश विद्यार्थी स्वयं उपस्थित नहीं हो सकता है, तो विश्वविद्यालय की पूर्व अनुमति लेकर नामित अभिभावक आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसकी ओर से पदक एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकता है।