मेरठ में सरधना-दौराला मार्ग पर गंगनहर पुल करीब 150 साल पुराना हो चुका है। सिंचाई विभाग ने वैधता खत्म होने का नोटिस लगा दिया है। पास में ही नए पुल का निर्माण हो चुका है। मंगलवार तक पुराने पुल पर वाहनों का आवागमन जारी था। बृहस्पतिवार से प्रशासन ने पुराने पुल पर दोनों तरफ दीवार खड़ी कराते हुए वाहनों का आवागमन बंद कर दिया है।
गंगनहर पुल जर्जर अवस्था में है। ऐसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता था। सिंचाई विभाग ने पुलिस के सहयोग से दोनों तरफ दीवार कराकर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया है। अब नए पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया है।
सरधना-दौराला मार्ग पर गंगनहर के पुल का निर्माण ब्रिटिशकाल में कराया गया था। पुल करीब 150 साल पुराना हो चुका है। सिंचाई विभाग के अनुसार, गंगनहर पुल की मियाद पूरी हो चुकी है। पिछले काफी समय से बराबर में ही नया पुल बनकर तैयार था, लेकिन क्षतिग्रस्त होने के बाद भी पुराने पुल पर वाहनों का आवागमन जारी था।
एक सप्ताह पहले भीषण जाम के कारण पुराने पुल पर भारी वाहनों की कतार लग गई थी। ऐसे में बड़ा हादसा होने की संभावना बन गई थी। इसके बाद सिंचाई विभाग ने पुराने पुल पर दोनों तरफ दीवार खड़ी करते हुए रास्ता बंद कर दिया है।