मेरठ। एनसीआरटीसी नमो भारत और मेट्रो यात्रियों के साथ आसपास के लोगों के लिए भी स्टेशनों पर वाहन चार्जिंग की सुविधा दे रहा है। मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन पर लोग अपने वाहन चार्ज कर रहे हैं। एनसीआरटीसी ने शुक्रवार को आनंद विहार स्टेशन पर भी चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत की है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। काफी लोग इलेक्ट्रिक दो पहिया व चौपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए ही एनसीआरटीसी ने मेरठ साउथ मेट्रो स्टेशन पर वाहन चार्जिंग स्टेशन संचालित किया हुआ है। इसका लाभ नमो भारत ट्रेन में यात्रा करने वाले ही नहीं बल्कि स्थानीय लोग भी उठा रहे हैं।
एनसीआरटीसी के जनसंपर्क अधिकारी कुलदीप कुमार का कहना है कि नमो भारत ट्रेन में यात्रा करने वालों को अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास है। मेरठ साउथ स्टेशन पर प्रतिदिन काफी वाहनों को चार्जिंग की सुविधा मिल रही है। आनंद विहार स्टेशन पर चार्जिंग स्टेशन भी इसी कड़ी का हिस्सा है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर मेरठ के मोदीपुरम में भी चार्जिंग स्टेशन खोलने पर विचार किया जाएगा। अब तक एनसीआरटीसी ने दिल्ली सरायकाले खां से मेरठ साउथ तक आठ स्टेशन पर वाहन चार्जिंग की सुविधा दी जा चुकी है।