मेरठ। ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र में शॉप्रिक्स मॉल के पास एक अप्रैल की सुबह करीब चार बजे मोदीनगर से ड्यूटी कर लौट रहे डोमिनोज पिज्जा के स्टोर मैनेजर विकास राणा को कुचलने वाली रोडवेज बस बिजनौर डिपो की निकली। पुलिस ने बिजनौर डिपो में संपर्क किया है। पुलिस आरोपी चालक व बस की तलाश में जुट गई है।
शास्त्रीनगर निवासी यशपाला राणा ने बुधवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि उनका बेटा विकास मोदीनगर में डोमिनोज पिज्जा के स्टोर पर मैनेजर थे। बुधवार अल सुबह चार बजे ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से घर आ रहे थे। बिजली बंबा बाईपास पर मुड़ते ही दिल्ली की ओर आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी थी। आरोपी चालक विकास को बाइक समेत काफी दूर तक घसीटता हुए ले गया था।
हादसे के बाद आरोपी बस लेकर भाग गया था। विकास की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल से लेकर परतापुर तक के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। जांच में सामने आया कि रोडवेज बस बिजनौर डिपो की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। बस व चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा।