मेेरठ। भारत सरकार ने सीसीएसयू के कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र कुमार तनेजा को कर्नल की ऑनरेरी रैंक से सम्मानित किया है। उनको नेशनल कैडेट्स कोर (एनसीसी) का कर्नल कमांडेंट नियुक्त किया है। इससे न केवल चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ बल्कि अन्य स्कूलों और कॉलेजों में भी एनसीसी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।
कुलपति को यह सम्मान पिपिंग समारोह के जरिये 11 सितंबर को दोपहर 11 बजे बृहस्पति भवन में ब्रिग्रेडियर अक्षत अरोड़ा और कर्नल गुरुसतिन्दर, सीओ 71 यूपी बटालियन एनसीसी मेरठ की उपस्थिति में प्रदान किया जाएगा। सीसीएसयू इस सत्र से एनसीसी सर्टिफिकेट कोर्स कैंपस में शुरू करने जा रहा है। 71 यूपी एनसीसी बटालियन ने 54 सीटों पर प्रवेश की अनुमति प्रदान कर दी है। यूनिवर्सिटी ने भौतिक विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अनिल कुमार यादव, को एनसीसी का केयर टेकर नियुक्त किया है। एनसीसी सर्टिफिकेट कोर्स अभी तक महाविद्यालयों में ही चल रहा है। कैंपस में इसके शुरू होने से यहां के छात्र-छात्राओं भी इसका हिस्सा बन सकेंगे। एनसीसी में युवा पीढ़ी के भविष्य को आकार प्रदान किया जाता है। कैडेट को देश के अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करता है, जो आगे जाकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करते हैं।