सरधना। गांव महादेव में एक साल पहले हुई वत्सल त्यागी की हत्या के खुलासे की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से मुलाकात की और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी पक्ष जान से मारने की धमकी देते हुए समझौते का दबाव बना रहे हैं। एक साल में भी हत्याकांड का खुलासा नहीं होने की शिकायत की।
महादेव गांव में बीते वर्ष 17 अप्रैल को बीएससी के छात्र वत्सल त्यागी पुत्र प्रदीप का नलकूप पर गोली लगा शव मिला था। विवेचक ने घटना को आत्महत्या बताते हुए दिसंबर माह में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। मृतक के परिजनों ने जांच पर असंतुष्टि जताई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामले की विवेचना रोहटा थाना पुलिस कर रही है।
परिजनों का आरोप है कि पिछले तीन माह में रोहटा थाना पुलिस जांच के किसी पहलू पर नहीं पहुंच सकी है। बृहस्पतिवार को एक बार फिर मृतक के परिजन एसएसपी से मिले और घटना के खुलासे के लिए गुहार लगाई। बताया कि आरोपी पक्ष जान से मारने की धमकी देते हुए समझौते का दबाव बना रहे हैं। एसएसपी ने मामले में जांच पूरी करते हुए खुलासे का आश्वासन दिया।