सुभारती विश्वविद्यालय के सत्यजीत रे सभागार में शुक्रवार को मंच कला विभाग एवं ललित कला संकाय की ओर से बसंतोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित नाहर मुख्य अतिथि रहे। समारोह में तीन कलाकारों को शारदा श्री सम्मान से नवाजा गया। इनमें तबला वादक उस्ताद अकरम खान, शास्त्रीय गायक पंडित हरि दत्त शर्मा और कत्थक नृत्यांगना डॉ. शांभवी शुक्ला शामिल रहे।
कार्यक्रम में विभाग अध्यक्ष डॉ. भावना ग्रोवर ने मंच कला विभाग की उपलब्धियां सभी के साथ साझा कीं। उन्होंने बताया कि विभाग के छात्र देश-विदेश में प्रस्तुतियां देकर अपने शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। उत्सव में लोक वाद्य वृंद वादन, बांसुरी वादन, कत्थक, समूह गायन और उत्तर प्रदेश के लोक नृत्य ढेड़िया व चरकुला जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के अंत में कुलपति प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा ने डॉ. शोभित नाहर को सम्मानित किया।