Meerut News: गाजियाबाद ने टूर्नामेंट में लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप-ए टॉप कर लिया है, जबकि मेरठ रेड दूसरे स्थान पर रहा। इस ग्रुप से गाजियाबाद और मेरठ दोनों ही टीमों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।
गांधी बाग क्रिकेट मैदान में चल रही 17वीं मास्टर वैभव टी- 20 चैंपियंस ट्रॉफी में सोमवार को ग्रुप-ए के दो अंतिम लीग मुकाबले खेले गए। पहले मैच में आगरा ने मुजफ्फरनगर को तो दूसरे मैच में गाजियाबाद ने मेरठ को हराया। गाजियाबाद ने लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप ए में पहला स्थान प्राप्त किया। मेरठ रेड की टीम दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही। मेरठ रेड ने भी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।
विज्ञापन
गाजियाबाद की ओर से प्रिंस और शांतनु ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। मेरठ रेड की टीम इस मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। मंगलवार से ग्रुप बी के लीग मैच की शुरुआत होगी।
आगरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 189 रन बनाए। जवाब में मुजफ्फरनगर की टीम 16.4 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। आगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 20 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए। इसमें मयंक तिवारी ने शानदार 52 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में आयुष, आदित्य, हिमेश और उदित ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरनगर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 16.4 ओवर में 116 रन ही बना सकी। इस तरह आगरा ने मुकाबला 73 रन से अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में आगरा की ओर से अमित, कार्तिकेय, पुनित और निर्भय ने दो-दो विकेट लिए। मयंक तिवारी को उनकी 52 रन की महत्वपूर्ण पारी के लिए आयोजन सचिव सुभाष चंद्र शर्मा और राकेश गोयल ने उन्हें मैन ऑफ द मैच देकर सम्मानित किया।
मैच का संक्षिप्त स्कोर
आगरा : 189 रन, 20 ओवर
मुजफ्फरनगर : 116 रन, 16.4 ओवर
नतीजा : आगरा 73 रन से विजयी
मैन ऑफ द मैच : मयंक तिवारी (आगरा), 52 रन
गाजियाबाद के गेंदबाजों के आगे नहीं टिक सके मेरठ रेड के बल्लेबाज
दिन के दूसरे मैच में टॉस जीतकर मेरठ रेड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 19.3 ओवर में 146 रन बनाए। मेरठ की ओर से विश्वेंद्र ने भी 34, सत्यम ने 31 रन, जबकि ऋतुराज शर्मा ने 23 रन का योगदान दिया। गाजियाबाद की ओर से विशाल, आयुष, प्रिंस और निशांत ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजियाबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके दो विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन इसके बाद कप्तान प्रिंस यादव और शांतनु सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मेरठ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
प्रिंस यादव ने 44 गेंदों पर 74 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि शांतनु सिंह 31 गेंदों पर 51 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने मिलकर टीम को 16.2 ओवर में 147/2 के स्कोर तक पहुंचाकर आठ विकेट से जीत दिला दी। प्रिंस यादव के ऑलराउंड प्रदर्शन और कप्तानी पारी ने उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिलाया।