चार फरवरी को 32 स्थानों पर होगा टीकाकरण
मेरठ। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन का टीकाकरण चार फरवरी को शहर और देहात क्षेत्र में 32 स्थानों पर होगा। इस संबंध में मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से लखनऊ से सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तैयारियों के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अखिलेश मोहन ने बताया कि चार फरवरी को जिन सभी केंद्रों पर टीकाकरण होगा, उनमें 3780 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना है। इनमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, डॉक्टर, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य लोग शामिल रहेंगे।
- पांच फरवरी को पुलिस व प्रशासनिक कर्मचारियों को: सीएमओ ने बताया कि पांच फरवरी के टीकाकरण में 18 जगह पर 1450 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इनके अलावा पांच फरवरी को 12 जगह पर 1600 प्रशासनिक, पुलिस व नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को टीका लगाया जाएगा।
- जल्द आएगी वैक्सीन: सीएमओ ने बताया कि दूसरे चरण के लिए जल्द ही मेरठ को वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी। दूसरे चरण में पुलिस, पीएसी, अर्द्ध सैनिक बल, फोर्स से संबंधित अन्य कर्मचारियों, अधिकारियों को टीका लगाया जाना है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
-----
सुभारती एवं एनसीआर कॉलेज से कोरोना के सरकारी बेड हटाए
मेरठ। कोरोना के मरीजों की कम होती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुभारती अस्पताल और एनसीआर कालेज ( मुलायम सिंह यादव मेडिकल कालेज) से कोविड के सभी सरकारी बेड मंगलवार शाम हटा लिए हैं। अब इन दोनों अस्पतालों में कोरोना मरीजों का सरकारी स्तर पर इलाज नहीं हो सकेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अखिलेश मोहन ने बताया कि अब मेडिकल कालेज में कोविड वार्ड, जिला अस्पताल में बनाए जा रहे कोविड वार्ड में ही सरकारी स्तर पर कोरोना के मरीजों का इलाज हो सकेगा।
वहीं सुभारती और एनसीआर कालेज में निजी स्तर पर अस्पताल प्रशासन अपने निजी बेड रख सकते हैं। लेकिन इन दोनों कॉलेजों में कोरोना मरीजों को यदि एडमिट होना है तो उन्हें भुगतान शुल्क जमा करना होगा।
सीएमओ ने बताया कि अन्य निजी अस्पतालों, जिनमें कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। उन अस्पतालों में बेड की संख्या कम की जा रही है। लेकिन जिला प्रशासन के आदेश अनुसार ही बेड कम कर सकेंगे। 15 फरवरी को शासन की गाइडलाइन के तहत यह निर्णय लिया जाएगा कि निजी अस्पताल में कोरोना मरीजों कितने बेड रखे जा सकते हैं।
----
मेडिकल में दो मरीज रेफर किए
मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड वार्ड में सोमवार को कोई भी मरीज भर्ती नहीं रहा। वहीं मंगलवार शाम निजी अस्पतालों से स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना पॉजिटिव दो मरीजों को मेडिकल के कोविड वार्ड में आइसोलेट किया है। सरकारी स्तर पर मेडिकल कॉलेज में दो मरीज भर्ती कराए गए हैं। मेडिकल कालेज के सीएमएस कॉलेज डॉ. धीरज बालियान ने बताया कि मरीजों की देखरेख के लिए डॉक्टरों व अन्य कर्मचारियों की पूर्व की तरह ड्यूटी निर्धारित है।
--------
यूपी लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के पदाधिकारी मनोनीत
मेरठ। प्रयोगशाला प्राविधिक (लैब टेक्नीशियन) एलएलआरएम एसोसिएशन मेडिकल कॉलेज का दो वर्षीय कार्य के लिए सर्वसम्मति से मंगलवार को मनोनयन किया गया है। इसमें मनोज कुमार संरक्षक, बुनियाद खान अध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह उपाध्यक्ष, आदेश शर्मा महामंत्री, खेमकरण सिंह कोषाध्यक्ष, रेनू संगठन मंत्री, अभिषेक पार्चा ऑडिटर और विकास राणा को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
----