संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर रविवार को दिल्ली जाते समय खराब विजिबिलिटी के कारण परतापुर हवाई पट्टी पर उतारा गया। यहां पर भाजपा नेता रक्षित जिंदल और सनी चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री अक्सर परतापुर हवाई पट्टी पर हेलीकॉप्टर से उतरकर कार से दिल्ली जाते रहते हैं। कोई खास बात नहीं है।
शिक्षा मित्रों के लिए रंग लाया एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। विधान परिषद नियम पुनरीक्षण समिति के सभापति धर्मेंद्र भारद्वाज लंबे समय से शिक्षा मित्रों के सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कई बार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने शिक्षा मित्रों का मामला उठाया और समस्या के समाधान की मांग की। अब प्रदेश सरकार ने शिक्षा मित्रों को नए साल का तोहफा दिया है। एमएलसी ने बताया कि प्रदेश सरकार का फैसला 1.42 लाख शिक्षा मित्रों के सम्मान और संघर्ष का नतीजा है। ये हमारी और सभी शिक्षा मित्रों की सामूहिक जीत है। प्रदेश सरकार ने शिक्षा मित्रों को मूल विद्यालय (पहले तैनाती स्थल) वापसी का शासनादेश जारी कर दिया है। साथ ही मानदेय बढ़ोतरी के लिए भी सरकार तैयारी में लगी है। एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने बताया कि इस मुद्दे पर विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, सुरेन्द्र चौधरी और अवनीश सिंह के साथ मिलकर संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इनके सम्मुख प्रस्ताव रखा था। प्रदेश सरकार का यह फैसला सबकी संयुक्त जीत है।