दो सेंटरों पर पकड़ी घटतौली
उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने मंगलवार को गांव बाफर स्थित किनौनी मिल के सेंटर पर छापेमारी की। बताया गया है कि सेंटर के कांटे में 20 किलो का बैलेंस मिला। इतने बड़े बैलेंस से किसानों के गन्ने की घटतौली कर भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। घटतौली पकड़े जाते ही किसान आक्रोशित हो गए और तौल लिपिक को खरी खोटी सुनाने लगे।
दूसरा मामला सिंघावली अहीर गांव स्थित किनौनी सेंटर से जुड़ा है। सिंह ने बताया कि जब वे सेंटर पर पहुंचे तो एक किसान की बोगी तौली जा चुकी थी। उससे पूछा तो बताया कि बोगी का वजन 21 कुंतल 30 किलो दर्ज किया है। उन्होंने इस बोगी की जांच के लिए दोबारा कांटे पर चढ़वाया तो वजन 21 कुंतल 85 किलो निकला। पांच कुंतल के मानक बांट मांगे गए तो तौल लिपिक ने बांटों के गांव में होना बताया। दोनों मामलों में घटतौली लिखी गई है। एफआईआर की कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
घनघनाने लगे फोन, आ रहीं सिफारिशें
घटतौली में पकड़े गए तौल लिपिकों को बचाने के लिए जहां दिनभर फोन घनघनाते रहे वहीं अधिकारियों के पास दिनभर सत्ता औैर गन्ना राजनीति से जुड़े नेताओं की सिफारिश आती रही। शाम को बड़ी संख्या में तौल लिपिक भी गन्ना भवन पहुंच गए और साथी तौल लिपिकों को बचाने की गुहार लगाई। लेकिन उप गन्ना आयुक्त ने मना कर दिया।
घटतौली पकड़े जाने से बनेगा दबाव
घटतौली पकड़े जाने पर तौल लिपिक के अलावा मिल प्रबंधन और अध्यासी आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाती है। शासन के नए पैंतरे से बकायेदार मिलों पर दबाव बनेगा और वे भुगतान करने का विवश होंगे। इससे किसानों को फायदा होगा। वहीं किसानों के गन्ने में गड़बड़ी पर भी शिकंजा कसा जा सकेगा।
पिछले सत्र का बकाया भुगतान नहीं करने वालीं मिलें
मिल बकाया बकाये पर ब्याज
किनौनी 124 32
मोदीनगर 142 22
सिंभावली 149 19
बृजनाथपुर 75 13
मलकपुर 283 50
बुलंदशहर 20 03
पकड़ी जाएगी घटतौली
घटतौली की शिकायत पर सेंटरों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। किनौनी मिल के दो सेंटरों पर घटतौली पकड़ी गई है। जहां भी घटतौली मिलेगी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पिछले साल के साथ ही चालू पेराई सत्र के भुगतान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
-हरपाल सिंह, उप गन्ना आयुक्त मेरठ परिक्षेत्र
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/