मेरठ। बास्केटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से देहरादून में 50वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबाल चैंपियनशिप का आयोजन कराया गया। इसमें शुक्रवार को फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने झारखंड को 60-58 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। उत्तर प्रदेश की टीम में मेरठ से भी पांच खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें मेरठ के समीर और कौशल ने 14-14 अंक अर्जित किए।
इससे पहले उत्तर प्रदेश की टीम ने सेमीफाइनल में हरियाणा को 84-60 से हराया था। टीम के कोच उमर मिर्जा और अमरजीत के मार्गदर्शन में टीम ने यह मुकाम हासिल किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश बास्केबाल एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा शर्मा ने टीम को बधाई दी। टीम की ओर से मेरठ के सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के सचिव मिर्जा शहबाज बेग ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ियों के मेरठ पहुंचने पर उनका स्वागत किया जाएगा।