सहारनपुर में सुशील हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जमीन की लालच में पूरे परिवार ने साजिश रच कर तांत्रिक क्रिया के चलते सुशील की हत्या की थी। मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने मृतक के दोनों बेटों, बेटी और पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी 50 वर्षीय सुशील की 19 मई की रात हत्या हो गई थी। सुशील के बड़े बेटे अक्षय ने अपने छोटे भाई सागर पर डंडे से पीटकर पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
कोतवाली में प्रेस वार्ता के दौरान कोतवाली प्रभारी भागवत सिंह ने बताया कि मृतक सुशील की उसके बेटे सागर ने हत्या की है। सुशील के घर में काफी दिनों से जमीन की लालच में तांत्रिक क्रिया चल रही थी, जिसका सुशील विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर परिवार के लोग उससे मनमुटाव रखने लगे और पूरा परिवार एक ओर हो गया। सुशील अकेला पड़ गया था। मौका देख कर पूरे परिवार ने साजिश रची और वारदात वाली रात सागर ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सागर के साथ ही मृतक के बड़े बेटे अक्षय, पत्नी ममता, बेटी पूजा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाल ने बताया कि मामले में बड़े बेटे की ओर दर्ज कराई गई रिपोर्ट खारिज करते हुए एक रिश्तेदार संदीप की तहरीर पर चारों के खिलाफ दूसरी रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें सागर के खिलाफ हत्या, जबकि बाकि तीनों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रचने की धारा में कार्रवाई की गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/