संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सकौती रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे स्थित एक भवन को लेकर किराया और कब्जे के विवाद में शुक्रवार को हंगामा हो गया। मकान मालिक ने आरोपी पर ताले तुड़वाने और परिवार के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
शाहपुर निवासी बिशन सिंह के अनुसार उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अपने भवन का एक हिस्सा दादरी निवासी प्रधान को 50 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था। आरोप है कि बीते एक वर्ष से किराया नहीं दिया गया और जबरन कब्जा कर लिया गया। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी, जिस पर दौराला थाने में प्राथमिकी भी दर्ज हुई। आरोप है कि शुक्रवार को आरोपी ने ताले तुड़वाकर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध किया तो पुलिस ने उल्टे उनके परिवार के पुरुषों और महिलाओं को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।