कंकरखेड़ा में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस मामलों की जांच करती
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया, दो कुत्ते पकड़कर ले गई टीम
- 15 अगस्त को चौक मोहल्ले में कक्षा छह के छात्र पर कुत्तों के झुंड ने किया था हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा क्षेेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम का एक परिवार के लोगों ने विरोध किया तो हंगामा हो गया। बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। पुलिस की मदद के बाद निगम की टीम दो कुत्तों को पकड़कर साथ ले गई।
दरअसल, क्षेत्र के चौक मोहल्ले में 15 अगस्त की सुबह 11 वर्षीय छठी कक्षा के छात्र शुभम पर स्कूल जाते समय आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। छात्र गंभीर घायल हो गया था। मेहंदी मोहल्ला निवासी शुभम के पिता राकेश कुमार ने एक महिला पर आवारा कुत्तों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस व नगर निगम शिकायत की थी।
रविवार को नगर निगम की टीम आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए चौक मोहल्ले में पहुंची थी। इस दौरान एक परिवार ने टीम का विरोध किया। इस पर क्षेत्र के अन्य लोगों ने हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहुंचकर मामले की जानकारी की। इसके बाद टीम ने दो आवारा कुत्तों को पकड़ लिया।
निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह का कहना है कि कंकरखेड़ा क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने का लगातार अभियान चलाया जाएगा। वहीं, सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करा दिया था।
कंकरखेड़ा में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस मामलों की जांच करती