गोलाबढ़ में कुत्ते पर कार चढ़ने को लेकर हंगामा, मारपीट
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के गोलाबढ़ में कुत्ते पर कार चढ़ने के बाद हंगामा हो गया। गुस्साए दो युवकों ने कार सवार को बाहर खींचकर मारपीट कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। घायल कार सवार की डाक्टरी कराई गई है।
इंस्पेक्टर रघुराज सिंह के अनुसार, मंगलपांडेय नगर निवासी रोहित रविवार शाम गोलाबढ स्थित अपनी ससुराल आये थे। साथ में उनकी पत्नी प्रियंका भी रही। रात को लौटते समय घर से कुछ दूरी पर ही उनकी कार एक कुत्ते पर चढ़ गई। यह देख पास ही खड़े दो युवकों ने गाली-गलौच शुरु कर दी। उन्होंने कार रुकवा ली और रोहित को बाहर निकालकर हाथापाई शुरु कर दी। प्रियंका ने परिजनों को सूचित किया।
काफी लोग एकत्र हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। मारपीट में घायल रोहित को डाक्टरी के लिए भेज दिया गया। जबकि आरोपी पंकज व बिट्टू को हिरासत में लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी। दोनों पक्षों के काफी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि रोहित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कुछ लोग दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास कर रहे हैं।
-----
कार की साइड लगने पर युवती बाइक से गिरी
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना में कार की साइड लगने से बाइक सवार युवती गिर गई, जिसको लेकर हंगामा हो गया। गुस्साये लोगों ने कार का शीशा तोड़ दिया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। पुलिस के अनुसार, कंकरखेड़ा निवासी दीपक अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से कहीं से घर लौट रहा था। हरिमंडप के निकट अचानक साइड से जा रही बाइक से उनकी कार टकरा गई। इससे बाइक चलाने वाले का नियंत्रण खो गया।
किसी तरह बाइक को गिरने से बचा लिया गया लेकिन पीछे बैठी युवती गिर गई। बताया जाता है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहीं पास में बाइक सवार के रिश्तेदार मौजूद थे। युवती को गिरता देख उन्होंने हंगामा कर दिया। कार सवार को रोककर धक्कामुक्की शुरु कर दी। नशे में धुत एक व्यक्ति ने कार के शीशे में ईट मारकर उसे तोड़ दिया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। हालांकि देर रात नुकसान की भरपाई करने की सहमति पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।