मोदीपुरम। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में युवक की मौत के मामले में हत्यारोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने कंकरखेडा थाने पर हंगामा किया। पदाधिकारियों का आरोप है कि युवक को उसके पड़ोसी ने आत्महत्या के लिए उकसाया था। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
नटेशपुरम निवासी सूरजमल के बेटे किशनपाल ने 22 जनवरी को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। सूरजमल ने आरोप लगाया कि उनका बेटा पड़ोसी परवीन उर्फ कालू पुत्र सतपाल के साथ गया था। उसने बेटे से नौकरी के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी की थी। रुपये वापस मांगने पर धमकी दे रहा था। थाने में तहरीर देने के बाद भी पुलिस उसे नहीं पकड़ रही थी। मामले की जानकारी पर रविवार को हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी परिजनों के साथ थाने पहुंचे और हंगामा किया। इस दौरान पुलिस ने 48 घंटे का समय मांगा, लेकिन तीन घंटे बाद ही परवीन को पकड़ लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में 25 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। संवाद