तहसील से सटी भूमि के रेट को लेकर नहीं बन पा रही सहमति
तहसील प्रशासन ने दूसरी जमीन की तलाश शुरू की
अशोक सोम
सरधना। कस्बे में अपर जिला कोर्ट बनने का इंतजार लंबा होता जा रहा है। जमीन के सर्किल रेट को लेकर किसानों और सरकार के बीच सहमति नहीं बन सकी है। हालांकि 15 अप्रैल से निर्माण शुरू करने का दावा तहसील प्रशासन द्वारा किया जा रहा था। इसके चलते कोर्ट निर्माण की तैयारी के लिए डीएम से अनुमति लेकर करीब सौ बीघा आम का बाग काट दिया। उधर, तहसील प्रशासन द्वारा दूसरी जगह जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है।
सरधना तहसील मुख्यालय के निकट पूर्व विधायक मरहूम अब्दुल वहीद कुरैशी एवं हाजी तहसीन कुरैशी के परिजनों की करीब 88 बीघा भूमि है। इस पर आम का बाग खड़ा हुआ था। तहसील प्रशासन ने यहां अपर जिला कोर्ट के निर्माण के लिए बातचीत शुरू की। पहले अपर जिला कोर्ट के लिए सन 2013 में गंगनहर पुल के निकट करीब दस हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई थी। वहां पर बात नहीं बनी तो इसके बाद पूर्व विधायक मरहूम अब्दुल वहीद कुरैशी के परिजनों की तहसील मुख्यालय से सटी भूमि को फाइनल किया था। इस भूमि का जिला जज के साथ डीएम ने भी स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद करीब सौ बीघा आम के बाग में कटाई शुरू करा दी गई थी। जमीन के रेट को लेकर बातचीत जारी रही। एसडीएम अमित कुमार ने बताया था कि 15 अप्रैल 2019 से कोर्ट की बिल्डिंग का निर्माण का शुरू हो जाएगा, लेकिन रेट पर सहमति नहीं बनी तो अब तहसील प्रशासन ने दूसरी जगह पर भूमि की तलाश शुरू कर दी है। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि सरकार की तरफ से रेट 2600 रुपये प्रति वर्ग गज देने को तैयार हैं, लेकिन भूमि के स्वामी 5800 रुपये का रेट मांग रहे हैं। फिलहाल बातचीत जारी है। उधर, तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि दूसरी जगह भी भूमि की तलाश शुरू कर दी गई है।
सरकार 2600 रुपये प्रतिवर्ग गज के रेट में भूमि खरीदना चाहती है, लेकिन किसान पक्ष द्वारा 5800 रुपये का रेट मांगा जा रहा है। बात नहीं बनने कि स्थिति में दूसरी जगह भूमि की तलाश की जा रही है।-अमित कुमार भारतीय, एसडीएम सरधना
सरकार चाहती है कि इस भूमि को कृषि भूमि के सर्किल रेट 1100 रुपये एवं रास्ते की भूमि के रेट को जोड़कर 2600 रुपये प्रतिवर्ग गज के हिसाब खरीदा जाए। हालांकि यह जमीन पालिका सीमा के अंदर है। पालिका सीमा के अंदर 5800 रुपये प्रति वर्ग गज का रेट है। 88 बीघा उनके परिवार की ओर कुछ अन्य किसानों की जमीन मिलाकर करीब 100 बीघा भूमि अपर जिला कोर्ट निर्माण के लिए बातचीत चल रही है। अभी कुछ फाइनल नहीं हुआ है।-हाजी तहसीन पूर्व विधायक मरहूम अब्दुल वहीद कुरैशी के परिजन