रासना कॉलेज में आयोजित वार्षिक अधिवेशन में शिक्षकों का किया सम्मान।
- फोटो : SARDANA
सरूरपुर। श्री शालिगराम शर्मा परिन्यास परिषद ट्रस्ट रासना में वार्षिक अधिवेशन के अवसर पर रविवार को शिक्षकों का विदाई समारोह आयोजित हुआ। जिसमें सेवानिवृत्त दो शिक्षकों को भावभीनी विदाई देकर के सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि बतौर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज के सदस्य प्रोफेसर डॉ. अजीत सिंह भी शामिल हुए और कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में आए मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज के सदस्य प्रोफेसर डॉ. अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज व देश की रीढ़ है। शिक्षित होना आज के समय में सबसे पहला कदम है। पहले शिक्षा के संसाधनों की कमी थी। वर्तमान समय में कोई कमी नहीं है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करें। यदि बच्चे शिक्षित होंगे तो समाज में भी जहां सुधार आएगा। वहीं, देश के उत्थान में भी इसका महत्व होगा। बगैर शिक्षा के देश का उत्थान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आंचल में भी प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। केवल उन्हें निखारने की जरूरत है। इसके लिए शिक्षक एवं बच्चों के अभिभावक दोनों मिलकर के ग्रामीण क्षेत्र से प्रतिभाओं को निकाल सकते हैं। देखने में भी आ रहा है कि ग्रामीण अंचल के बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं, सिविल सेवा परीक्षा, खेलों आदि में खूब प्रतिभाग कर रहे हैं। इससे वे उच्च शिखर पर जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली मेधावी कॉलेज के छात्रों को भी पुरस्कार देकर के सम्मानित किया गया। इस दौरान कॉलेज में चालीस साल से सेवा दे रहे इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. तेजवीर सिंह व एसएसएसएस इंटर कॉलेज के हिंदी प्रवक्ता गजेन्द्र शर्मा का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। जिसमें दोनों शिक्षकों के कार्य अवधि की कार्यक्रम में आए लोगों ने जमकर प्रशंसा की और उन्हें कॉलेज की प्रबंध कमेटी के मंत्री प्रदीप त्यागी ने शॉल व स्मृति चिह्न भेंट किये। सभी कर्मचारियों व दूरदराज से आए लोगों ने दोनों शिक्षकों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदीप त्यागी ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार जताया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. नंदकुमार, रंजु नारंग, प्रो. रीता सिंह, वीरेंद्र मलिक, कर्नल अतुल त्यागी, केशोराम त्यागी, बंसत लाल, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य केपी सिंह, ध्यान सिंह, सुरेन्द्र पाल त्यागी, ईश्वर दयाल त्यागी, नैपाल मलिक, मनोज कुमार, राजीव त्यागी, भूषण त्यागी आदि मौजूद रहे।