मेरठ में एक महिला का धर्मपरिवर्तन कराकर निकाह करने और फिर उसे घर से निकालकर दूसरी महिला से निकाह करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने पर शिकायत की है। एसपी सिटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र की एक कालोनी निवासी महिला की शादी मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई थी। दंपति से एक बेटा भी है। पीड़िता इंदिरा चौक के पास एक पैथोलॉजी लैब में नौकरी करती थी। वहीं पर जाकिर कॉलोनी लिसाड़ी गेट निवासी दूसरे समुदाय का एक युवक भी नौकरी करता था। आरोप है कि करीब चार माह पहले आरोपी युवक ने महिला को झांसे में लेकर उसके पति से तलाक करा दिया था। उसके बाद महिला को अगवा करने के बाद उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। फिर महिला से निकाह कर लिया था।
पढ़ें : धर्म परिवर्तन का मामला दिल्ली से लखनऊ तक गूंजा, डीजीपी ने एसएसपी से तलब की रिपोर्ट
पीड़ित महिला ने थाना लिसाड़ी गेट में दर्ज करायी शिकायत में बताया कि अब युवक ने उसे घर से निकाल दिया और हत्या करने की धमकी दी। युवक ने किसी दूसरी महिला से निकाह कर लिया है। आरोपी युवक ने धमकी दी है कि उसने उसकी वीडियो क्लीपिंग बना ली है। यदि थाने में शिकायत करने की कोशिश की तो वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बाद में आरोपी ने उसे मोबाइल से कॉल करते हुए भी धमकी दी है। लिसाड़ी गेट थाने के कार्यवाहक एसओ अनिल सैनी ने बताया कि आरोपी उरूज खान के घर दबिश दी गई। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जल्द होगी गिरफ्तारी
महिला ने धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर कार्रवाई कर रही है। आरोपी के घर दबिश दी गई। लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा।
-रणविजय सिंह, एसपी सिटी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/