हल्दौर में बाइक और जुगाड़ की भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जुगाड़ चालक मौके से फरार हो गया। दो दिन बाद ही युवक का रिश्ता होना था। उसकी मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के परिजनों और गांव वालों ने पुलिस पर जुगाड़ चालक को फरार करने का आरोप लगाकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना नूरपुर के गांव रामपुर बिड़ार निवासी करन सिंह सैनी (21) जसवीर सिंह सैनी सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से गांव खासपुरा आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के पास करन सामने से आ रहे जुगाड़ की चपेट में आ गया। गंभीर घायल हुए करन की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान मौके पर पुलिस व लोगों की भीड़ जमा हो गई। चालक जुगाड़ समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मृतक के परिजन व गांव वाले मौके पर पहुंचे। करन का शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस पर आरोपी जुगाड़ चालक को फरार कराने में मदद करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस से तीखी नोकझोंक की और हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने शव उठाने की कोशिश की तो परिजनों ने शव नहीं उठाने दिया। हाईवे पर करीब तीन घंटों तक जाम लग रहा। एसडीएम चांदपुर शिशिर कुमार चांदपुर व नूरपुर थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजन फरार जुगाड़ चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने व उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अड़े हुए थे। एसडीएम ने मांगें पूरी कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करन हेलमेट पहने हुए नहीं था। अगर हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान बच जाती। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने फरार आरोपी जुगाड़ वाहन चालक बाले खां निवासी गांव किकर थाना नूरपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कार्यवाहक एसओ मनोज कुमार ने बताया कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
24 मार्च को थी युवक की शादी
गांव वालों के अनुसार करन की शादी तय हो गई थी। दो दिन बाद शादी होनी थी। परिजन इसकी तैयारी में जोर शोर से लगे थे। उसकी शादी 24 मार्च को नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव धमड़ौला से होनी थी। युवक की मौत से उसकी ससुरालियों में माहौल गमगीन हो गया। शादी की सारी खुशियां गम में तब्दील हो गई।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/