मेरठ मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने बताया कि मेरठ मंडल में अब तक 22 नए ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो गए हैं। मेरठ व गाजियाबाद में 3-3, गौतमबुद्धनगर में 6, बुलंदशहर में 8 और हापुड़ में 2 नए प्लांट लगाए गए हैं। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने निर्देश दिए कि 31 जुलाई तक सभी 57 प्लांट्स का निर्माण पूरा करा लिया जाए।
उन्होंने कहा कि 50 बेड या उससे अधिक बेड की संख्या वाले निजी अस्पताल न्यूनतम ऑक्सीजन (250 एलपीएम) का प्लांट अपने अस्पताल में स्थापित कराने हेतु मुख्य चिकित्साधिकारियों से नोटिस जारी कराएं। जो अस्पताल ऐसा नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
22 हजार टेस्ट में सिर्फ 15 मिले पॉजीटिव
बैठक में जानकारी दी गई कि छह जुलाई तक कुल 22,520 कोरोना टेस्ट कराए गए, जिनमें मात्र 15 नए पॉजिटिव मिले हैं। 12,824 एंटीजन टेस्ट में मात्र 01 पॉजीटिव मिला है। सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को कहा गया है कि पिछले तीन दिनों में आए नए पॉजीटिव से स्वयं बात कर उनके लक्षण की जानकारी करें और ट्रेंड पर निरंतर सतर्क रहें।
385 पीडियाट्रिक आईसीयू बेड तैयार
तीसरी लहर को देखते हुए पीडियाट्रिक आईसीयू-बेड प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि मंडल में कुल 385 पीडियाट्रिक आईसीयू बेड और 771 आइसोलेशन बेड तैयार कर लिए गए हैं। मेरठ में कुल 178 आईसीयू और 210 आइसोलेशन बेड तैयार किए गए हैं। कोरोना से प्रभावित बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।