हस्तिनापुर में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
हस्तिनापुर। चांदपुर-बिजनौर गंगा पुल को जोड़ने वाली सड़क पर भीमकुंड तिराहे के समीप बुधवार को अज्ञात वाहन चालक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मवाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर निवासी विकास पुत्र धर्मवीर बुधवार दोपहर खादर क्षेत्र के किसी गांव से बाइक पर लौट रहा था। भीमकुंड तिराहे से हस्तिनापुर की ओर मुड़ा तो झड़ाका मोड़ के समीप अज्ञात वाहन उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक दूर जाकर गिरी। घायल युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक की शनाख्त विकास पुत्र धर्मवीर गांव मुबारकपुर थाना मवाना के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
कार की टक्कर से महिला घायल
दौराला। मटौर गांव के सामने बुधवार को हाईवे पार कर रही एक महिला को कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।
मटौर गांव निवासी रामकली को बुधवार सुबह गांव के सामने हाईवे पार करते समय कार ने टक्कर मार दी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। महिला ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।