सुप्रीम कोर्ट के बीएस 3 इंजन वाली बाइक और कारों की बिक्री पर रोक का असर बृहस्पतिवार को जबरदस्त तरीके से देखने को मिला। इस कैटगरी के दोपहिया वाहनों पर 5 से 20 हजार तक के डिस्काउंट की घोषणा से शोरूम पर भीड़ उमड़ गई। कई जगह खूब वाहन बुक हुए तो कई शोरूम में जमकर वाहन बिके। शुक्रवार को अंतिम दिन होने के कारण और भीड़ उमड़ने की बात कही जा रही है।
आरके टीवीएस शोरूम के मालिक सिद्घांत ने बताया कि उनके यहां सबसे ज्यादा ज्यूपिटर और अपाची बेची गई। इन पर पांच से 10 हजार तक का डिस्कउंट दिया गया। बृहस्पतिवार को करीब 125 वाहन बेचे गए। इसके अलावा हीरो के शोरूम पर भी छूट से वाहन बेचे गए। एलीगेंट होंडा के डायरेक्टर आशीष चौधरी के मुताबिक करीब सौ वाहनों की बिक्री हुई। एक्टिवा पर पांच हजार का डिस्काउंट रहा। त्रिदेव होंडा पर भी यही हाल रहा। यहां भी होंडा की बाइक और स्कूटी छूट पर खूब बेची गईं।
दूसरे राज्यों से लेते रहे जानकारी
बीएस थ्री की गाड़ियों के रेट की सूचना न केवल लोगों ने मोबाइल फोन से अपने रिश्तेदारों को दी, बल्कि जानकारी जुटाते भी रहे। इतना ही नहीं, दूसरे राज्यों में अपने रिश्तेदारों को फोन कर वहां की जानकारी लेते रहे। मसलन हरियाणा और उत्तराखंड में टैक्स कम होने के कारण पहले से ही रेट कम हैं। ऐेसे में लोग यह उम्मीद लगा रहे थे कि शायद वहां दाम और कम होंगे।
अफवाहों का बाजार भी रहा गर्म
दरअसर कारों को लेकर अफवाहों का बाजार भी गर्म रहा। मेरठ में इस कैटेगरी की कारों का स्टॉक नगण्य ही था। अफवाह रही कि दो ढाई लाख रुपये की छूट कारों पर चल रही। लोग शोरूम पर पहुंचे पर पता चला कि ऐसा नहीं है।