यूपी के शामली जनपद में धर्मस्थल में शरारती तत्वों द्वारा मीट फेंकने पर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जाम लगाने की कोशिश की। एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है।
गांव बाबरी के झंडा चौक स्थित एक धर्मस्थल में राधा पुत्री बिरमदत्त प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंची तो उसने देखा कि धर्मस्थल के अंदर मीट पड़ा हुआ है। इस पर उसने शोर मचा दिया। धर्मस्थल के भीतर मीट पड़ा मिलने सूचना आग की तरह गांव में फैल गई। जिस पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर बाबरी एसओ देव सिंह रावत पुलिस मौके पर पहुंच गए और वहां से मीट हटवा दिया। हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए जाम लगाने की कोशिश की।