उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गांव भागैन में दो दिन के भीतर तीन लोगों की संदिग्ध हालत में मौत से हड़कंप मच गया है। गांव में चर्चा रही कि शराब पीने से ये मौत हुई हैं। डीएम, एसपी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव का दौरा किया। जांच में पाया गया कि तीनों मौत सामान्य वजह से हुई हैं। एक मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया तो हार्ट अटैक से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत होना पाया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव भागैन में शनिवार रात 47 वर्षीय विपिन की उल्टी आने के बाद मौत हो गई। रविवार रात 52 वर्षीय प्रदीप का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। उसे पुलकित अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी भी वहां मौत हो गई। सोमवार सुबह गांव के 45 वर्षीय राजू की भी मौत हो गई। दो दिन में गांव में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। चर्चा रही कि तीनों की मौत शराब पीने से हुई है।
डीएम उमेश मिश्रा व एसपी डा.धर्मवीर सिंह ने गांव का दौरा किया व तीनों की मौत की जांच पड़ताल की। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव पहुंची। मृतक राजू का पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिल का दौरा पड़ने से राजू की मौत की पुष्टि हुई है। ग्राम प्रधान मोनवीर सिंह के मुताबिक तीनों की मौत सामान्य हुई है। तीनों मृतकों ने दो दिन से शराब का सेवन नहीं किया था।
डीएम उमेश मिश्रा व एसपी डा.धर्मवीर सिंह के अनुसार गांव में सामान्य मौत हुई हैं। फिर भी इसकी जांच कराई जा रही है। एक व्यक्ति का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।