मेरठ में दिन निकलते ही पुलिस की बदमाश से मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल
मेरठ के लावड़ में शनिवार को दिन निकलते ही पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को सीएचसी में उपचार दिलाया गया है।बताया गया कि कपड़ा व्यापारी से रंगदारी मांगने व न देने पर फायरिंग करने के मामले में बदमाश फरार चल रहा था।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live : बागपत के DM राजकमल यादव का तबादला, जितेंद्र प्रताप सिंह बनेंगे नए जिलाधिकारी
लावड़ कस्बे के कपड़ा व्यापारी सुदेश सैनी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सनी काकरान और चिंदौड़ी गांव निवासी अतुल जाट ने फोन पर तिहाड़ जेल से रंगदारी मांगी थी। दोनों बसपा नेता मनोज की हत्या में नामजद है। व्यापारी के रंगदारी न देने पर रंगदारी मांगने के डेढ़ घंटे बाद बदमाश ने सुदेश की दुकान में घुसकर फायरिंग की, जिसमें, अरुण छर्रे लगने से घायल हो गया था। एसएसपी ने इस घटना के खुलासे को लेकर कई टीम लगा रखी थी। शनिवार सुबह पुलिस को मीठेपुर मार्ग पर एक मंडप के पास बदमाश की सूचना मिली। पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से हुई फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। पुलिस पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर के पिन्ना निवासी सादमान बताया। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है। बताया गया कि सादमान भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों का साथी बताया जा रहा है। वहीं, शादमान के साथी रवि पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।