उत्तर प्रदेश टी-20 क्रिकेट लीग को लेकर खिलाड़ियों की नीलामी का इंतजार बुधवार को खत्म हो जाएगा। मेरठ के खिलाड़ियों की नजर इस नीलामी पर रहेगी। यहां से काफी संख्या में खिलाड़ियों का नाम शामिल होने की संभावना है। मेरठ से प्रशांत चौधरी, यशु प्रधान, अंकुर शर्मा समेत दस से अधिक खिलाड़ियों की नीलामी हो सकती है। इन्हें यूपी लीग में मौका मिल सकता है।
विज्ञापन
मेरठ के दस खिलाड़ी पहले ही टीमों की ओर से रिटेन किए जा चुके हैं। इसमें मेरठ के भुवनेश्वर कुमार पिछले साल की तरह इस साल भी लखनऊ फाल्कन की ओर से खेलते नजर आएंगे। टीम की ओर से उन्हें पिछले साल दी गई धनराशि 30.45 लाख रुपये में रिटेन किया गया है। वहीं, समीर रिजवी को भी कानपुर ने 15 लाख रुपये में ही रिटेन किया है।
कानपुर ने इसके अलावा तेज गेंदबाज विनीत पंवार और ऑलराउंडर शुभम मिश्रा 4.5 लाख रुपये में रिटेन किए गए हैं। नोएडा किंग्स ने तेज गेंदबाज अजय कुमार को 5.20 लाख रुपये, काशी रुद्रा ने शिवम मावी को 20.50 लाख रुपये, अजय को 5.20 लाख रुपये में रिटेन किया है।
विज्ञापन
सुनील कुमार को 2.70 लाख रुपये में रिटेन किया गया है। मेरठ मेवरिक्स ने भी बल्लेबाज ऋतुराज शर्मा को 15.25 लाख रुपये, तेज गेंदबाज विजय कुमार को 7 लाख रुपये में रिटेन किया है। ये सभी खिलाड़ी उत्तर प्रदेश क्रिकेट लीग के तीसरे सीजन में अपनी उन्हीं टीमों से प्रतिभाग करेंगे, जिसमें वह पिछले साल भी थे।
मेरठ के इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
मेरठ के अंकुर मलिक, शिवम चौधरी, शिवम बंसल, प्रशांत चौधरी, पूर्णांक त्यागी, रिषभ बंसल, हर्ष त्यागी, मानव सिंधू, यशु प्रधान, चैतन्या पाराशर, अंकुर शर्मा, लकी सैनी, सत्यम चौहान, शुभम मावी, योगेंद्र डोयला, अंकुर चौहान, कुलदीप चौहान, विवेक संधू, दिव्यांश राजपूत, इंजमाम हुसैन, मोहम्मद शिबली, ओशो मोहन पर सभी टीमों की नजर रहेगी।
45 स्लॉट के लिए 170 खिलाड़ी भाग्य आजमाएंगे
नीलामी में 45 खिलाड़ियों के स्लॉट के लिए 170 खिलाड़ी किस्मत आजमाएंगे। शाम चार बजे से शुरू होने वाली नीलामी को ब्रिटिश मॉडल करिश्मा कोटक होस्ट करेंगी। सभी छह फ्रेंचाइजी अपने श्रेष्ठ खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। यूपी टी-20 के तीसरे सीजन के मुकाबले इस बार 23 अगस्त से लेकर 16 सितंबर तक हाइब्रिड मॉडल की तर्ज पर लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे। नीलामी में मेरठ-22, आगरा-6,अलीगढ़-3, इलाहाबाद-9, आजमगढ़-3, बाराबंकी-2, फिरोजाबाद-2, गौतम बुद्ध नगर-8, गाजियाबाद-15, गाजीपुर-3, गोरखपुर-3, झांसी-6, कानपुर-24, लखनऊ-11, मथुरा-2, मुरादाबाद-4, मुज्जफरनगर-6, रामपुर-2, रायबरेली-3 और सहारनपुर से 14 खिलाड़ी शामिल होंगे।
जीटीबी रेड, जीटीबी इलेवन ने मैच जीते
जीटीबी क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में चल रहे विवेक पांडे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को तीन मैच हुए। इसमें जीटीबी रेड, इलेवन और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी इलेवन ने मैच जीते।
पहले मैच में आईटीआई सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 179 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जी टीबी रेड की टीम ने 19.4 ओवर में 180 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से कृष्णा ने 47 रन बनाए। नैतिक ने 44 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में अमन ने तीन विकेट लिए।
दूसरे मैच में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी 11 की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 192 रन बनाए। टीम की ओर से शौर्य ने 60 रन की पारी खेली। पीछा करने उतरी आईटीआई जूनियर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी। टीम की ओर से शहज़ेब ने 42, रन राघव ने 41 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में कार्तिक और हमजा ने तीन-तीन विकेट लिए।
तीसरे मैच में ऋषभ क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 165 रन बनाए। इसमें समर ने 46 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में नक्ष ने चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी 11 की टीम ने 18.5 ओवर में 166 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से रुद्राक्ष ने 46 और आयुष ने 41 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवजोत और ईशान ने तीन-तीन विकेट लिए।