टीम की ओर से पहले ही करा लिए थे पंजीकरण, लखनऊ फाल्कन की ओर से ट्रायल एक से होंगे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ मेवरिक्स और गोरखपुर लायंस के बाद अब काशी रुद्राक्ष की ओर से भी यूपी टी-20 लीग को लेकर ट्रायल शुरू कर दिए गए हैं। आज और कल दो दिन टीम के लिए ट्रायल वाराणसी स्थित क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। लखनऊ फाल्कन की ओर से भी एक जुलाई से ट्रायल शुरू कराए जाएंगे। इसके लिए दोनों टीम की ओर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत 14 अगस्त से होने जा रही है। इसे लेकर टीमों की ओर से ट्रायल शुरू कर दिए गए हैं। मेरठ मेवरिक्स की ओर से सबसे पहले ट्रायल प्रक्रिया को पूरा किया और कैंप के लिए खिलाड़ियों को चयन किए जाने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। गोरखपुर लायंस के ट्रायल चल रहे हैं। अब काशी रुद्राक्ष की ओर से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी गई जानकारी के अनुसार टीम के ट्रायल 29 और 30 जून को वाराणसी में होंगे। इसमें काफी संख्या में मेरठ से भी खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। मेरठ से काफी संख्या में खिलाड़ियों ने सभी टीमों में पंजीकरण कराया है। अभी तक मेरठ के रितुराज शर्मा, दिव्यांश राजपूत, कार्तिक त्यागी, विजय कुमार को मेरठ मेवरिक्स की ओर से रिटेन किया जा चुका है।
बीसीसीआई के कैंप में कार्तिक त्यागी का चयन
बीसीसीआई की ओर से युवा क्रिकेटरों को तराशने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सीओई हाई परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग कैंप का आयोजन किया जाता है। इसमें मेरठ के कार्तिक त्यागी के साथ प्रदेश के कई खिलाड़ियों का चयन किया गया है। बीसीसीआई की ओर से इन खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा। कैंप में हापुड़ निवासी और मेरठ में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी का नाम शामिल है। कार्तिक यूपी लीग में मेरठ मेवरिक्स के खिलाड़ी हैं और हाल ही में आईपीएल 2026 में केकेआर की ओर से शानदार प्रदर्शन कर वापस लौटे हैं। अब उन्हें भारतीय टीम के भविष्य के लिए तैयार किया जाएगा। उनके साथ में मोहसिन खान, आर्यन जुयाल, जीसान अंसारी और विप्रज निगम को भी कैंप के लिए चुना गया है।